कौशाम्बी: नगर पालिका परिषद भरवारी के ग्राम दरवेशपुर, वार्ड नंबर 12 कृष्णा नगर में विकास कार्यों के नाम पर खुला खेल चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और अधिशासी अधिकारी की मिलीभगत ने पूरे इलाके को परेशानी में धकेल दिया है। सड़क, पाइपलाइन और निर्माण कार्यों की हालत देखकर साफ लगता है कि जनता का पैसा विकास में नहीं, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक पाइपलाइन सड़क से ऊपर डाल दी गई है, जिससे राहगीरों को हर दिन खतरा झेलना पड़ रहा है। मानकों की धज्जियां उड़ाकर काम किया गया, लेकिन जिम्मेदारों की आंखों पर पर्दा पड़ा है। शिकायत करने पर सिर्फ झूठे आश्वासन दिए जाते हैं, कार्रवाई शून्य है।

लोगों का कहना है कि सरकार जनता की सुविधा के लिए पैसा भेजती है, लेकिन यहां अधिकारी और ठेकेदार उसे पानी समझकर बहा रहे हैं। कागजों में विकास चमक रहा है, जमीन पर बदहाली चीख रही है।

गांव वालों में भारी रोष है। सवाल उठ रहा है कि जब निगरानी करने वाले ही भ्रष्टाचार के साथी बन जाएं, तो जनता न्याय किससे मांगे?

ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की जांच हो, जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज हो और जनता के पैसे की लूट बंद की जाए।

अब देखने वाली बात यह है कि प्रशासन जागेगा या भ्रष्टाचार का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *