THE TIMES NETWORK

महोबा ब्यूरो, जावेद खान

महोबा जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब खेत में कृषि कार्य करने गई एक विधवा महिला का शव रक्तरंजित हालत में मिला। शुरुआत में परिजन इसे सांप के काटने से हुई मौत मान रहे थे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले को पलट कर रख दिया। महिला की मौत गोली लगने से हुई थी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।

दरअसल, मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के विलवई गांव का है। यहां की रहने वाली 50 वर्षीय विधवा महिला श्यामवती, पत्नी स्वर्गीय रमेश रैकवार, बीते दिन अपने चने के खेत में फसल काटने गई थीं। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजन उन्हें देखने खेत पहुंचे, जहां श्यामवती अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी मिलीं। उनके शरीर से खून बह रहा था, जिससे परिजन घबरा गए और तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उस समय परिजनों को यह आशंका थी कि खेत में काम करते वक्त किसी जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया होगा, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। लेकिन अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया।

पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, तो उसमें यह स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत सांप के काटने से नहीं बल्कि गोली लगने से हुई है। रिपोर्ट में सामने आया कि किसी अज्ञात हमलावर ने महिला को गोली मारी और फिर शव को खेत में ही छोड़कर फरार हो गया। इस खुलासे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। वहीं पुलिस ने इस मामले को हत्या का मामला मानते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है, जिसमें पुरानी रंजिश, जमीन विवाद और अन्य कारणों को भी खंगाला जा रहा है।

मृतका के परिजनों ने बताया कि जब वे सुबह खाना लेकर खेत पहुंचे, तो श्यामवती खून से लथपथ पड़ी हुई थीं। उनके कपड़ों से लगातार खून बह रहा था। उन्होंने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी भी तरह की दुश्मनी की जानकारी नहीं है, जिससे इस घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल से मेमो मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। प्रारंभ में सर्पदंश की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई है। अब परिजनों से तहरीर लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस टीम गांव और आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और संदिग्ध लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। इस घटना ने न केवल एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे गांव में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *