Image Source Reporter

कौशांबी ब्यूरो, मोहम्मद फैज

मंझनपुर में होली के पावन अवसर पर एबीवीपी के राष्ट्रीय कला मंच द्वारा आयोजित भव्य रंगोत्सव ने जिला पंचायत परिसर को उत्साह, उमंग और सामाजिक समरसता के रंगों से सराबोर कर दिया। होली मिलन समारोह में विद्यार्थियों, परिषद कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पूरा परिसर रंग-गुलाल और देशभक्ति के नारों से गूंजता नजर आया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पुत्र कैप्टन योगेश कुमार मौर्य उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार सोनकर ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। अपने संबोधन में कैप्टन योगेश कुमार मौर्य ने कहा कि एबीवीपी विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है और वे स्वयं छात्र जीवन से परिषद की विचारधारा से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का प्रतीक है। “आज यहां हर वर्ग और समुदाय के विद्यार्थी व नागरिक एक साथ मौजूद हैं, जो इस पर्व की वास्तविक भावना को दर्शाता है,” उन्होंने कहा। उन्होंने परिषद द्वारा जिले में किए जा रहे रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के लक्ष्य की दिशा में निरंतर सक्रिय है।

जितेंद्र कुमार सोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि होली हमें जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज में समरसता स्थापित करने का संदेश देती है। उन्होंने परिषद को छात्रहित और समाजहित के मुद्दों पर हमेशा मुखर रहने वाला संगठन बताते हुए कहा कि एबीवीपी केवल विचार नहीं रखती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य भी करती है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक शिवप्रसाद ने कहा कि विद्यार्थी परिषद, संघ की छात्र इकाई के रूप में छात्र-समस्याओं के साथ-साथ राष्ट्र और समाज से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभाती है। उन्होंने संगठन की राष्ट्रनिष्ठ कार्यशैली और अनुशासित ढांचे की प्रशंसा की। रंगोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। “रंग बरसे भीगे चुनरवाली”, “होली खेले रघुवीरा अवध में” और “बम बम बोल रहा है काशी” जैसे लोकप्रिय गीतों पर कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जमकर नृत्य किया। एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी गईं और गुझिया खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। पूरा वातावरण उल्लास और सौहार्द से भर उठा।

कार्यक्रम में तहसील प्रमुख अवधेश कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष हर्ष कुमार, सराय अकिल नगर अध्यक्ष दिनेश जायसवाल, जिला संयोजक शिवांशु शुक्ला, जिला संगठन मंत्री अश्वनी सिंह, पूर्व कार्यकर्ता ऋषभ द्विवेदी, मंझनपुर तहसील संयोजक सुशील कुमार सोनकर, नगर मंत्री दीपक राजपूत, सिराथू तहसील संयोजक आनंद सिंह पटेल, सहसंयोजक पवन भट्ट, वंश केसरवानी, विपिन यादव, अभिराज सिंह सहित बड़ी संख्या में परिषद कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस भव्य रंगोत्सव ने न केवल होली के उत्सव को यादगार बनाया, बल्कि सामाजिक एकता और राष्ट्रनिर्माण का सशक्त संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *