हरदोई ब्यूरो, सौरभ तिवारी उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में होली से ठीक पहले प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 कुंतल अवैध भांग का भंडारण पकड़ा है। यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के सर्कुलर रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया का है, जहां ओम ट्रेडर्स नामक प्रतिष्ठान पर छापा मारकर यह खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि होली के त्योहार से पहले बड़े पैमाने पर भांग का स्टॉक तैयार किया गया था, जिसे अवैध तरीके से जमा कर रखा गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार ओम ट्रेडर्स को भांग से विभिन्न प्रकार की बटी बनाने का लाइसेंस जारी है। उन्हें प्रति वर्ष 1500 कुंतल भांग के उपयोग की अनुमति दी गई है। हालांकि प्रशासन को सूचना मिली थी कि लाइसेंस की आड़ में नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है और बड़ी मात्रा में भांग का अवैध भंडारण किया गया है। इसी सूचना के आधार पर सिटी मजिस्ट्रेट सुशील त्रिवेदी और सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने एक्साइज टीम और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान जब अधिकारियों ने गोदाम का निरीक्षण किया तो वहां का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। करीब 40 कुंतल भांग अवैध रूप से भंडारित मिली, जिसके संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अधिकारियों ने पाया कि भंडारण की व्यवस्था भी अव्यवस्थित थी और साफ-सफाई का अभाव था। गंदगी और अव्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी भांग को अपने कब्जे में ले लिया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ और क्या इससे पहले भी इसी तरह का भंडारण किया जाता रहा है। होली जैसे पर्व पर भांग की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में बड़े पैमाने पर अवैध स्टॉक तैयार किए जाने की आशंका को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क था। इस कार्रवाई के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि यदि समय रहते सूचना न मिलती तो यह अवैध भांग बाजार में पहुंच सकती थी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है। त्योहारों के मद्देनजर प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि अवैध भंडारण और नियमों के उल्लंघन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। Post navigation अवैध शराब माफियाओं पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, रेवती में संयुक्त टीम की ताबड़तोड़ छापेमारी कन्नौज में अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, संगठन को गांव-गांव मजबूत करने का आह्वान