Mirzapur

ब्यूरो मिर्जापुर, विद्या प्रकाश भारती

मिर्जापुर जनपद के चील्ह थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपट्टी गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक नवदंपत्ति का शव उनके घर के अंदर पंखे से लटका मिला। दोनों के शव एक ही साड़ी से बनाए गए फंदे के सहारे झूलते पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

मृतकों की पहचान रोहित विश्वकर्मा (27) पुत्र उमाशंकर विश्वकर्मा और उनकी पत्नी सरस्वती विश्वकर्मा (23) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रोहित का विवाह 19 जनवरी 2025 को कछवा थाना क्षेत्र निवासी राजकुमार विश्वकर्मा की पुत्री सरस्वती के साथ हुआ था। विवाह को लगभग एक वर्ष पूरा हो चुका था।

परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर चील्ह थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घर का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। दंपत्ति द्वारा ऐसा कदम उठाए जाने के पीछे क्या कारण रहे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पृष्ठभूमि सामने आ सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार दंपत्ति सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे और हाल के दिनों में किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं थी। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या किसी प्रकार का पारिवारिक या आर्थिक दबाव तो नहीं था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *