कौशाम्बी ब्यूरो, मोहम्मद फैज

मंझनपुर: कौशाम्बी जनपद के पत्रकार मो० इस्तियाक अहमद की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को सियासी माहौल गरमा गया। कथित फर्जी मुकदमे में जेल भेजे जाने के विरोध में Bhim Army जय भीम संगठन के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया गया। संगठन के प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र भास्कर और मंडल अध्यक्ष तौसीफ अहमद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डायट मैदान में एकत्र हुए।

सभा के दौरान वक्ताओं ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि एक प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में आकर ईमानदारी से पत्रकारिता कर रहे मो० इस्तियाक अहमद को झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह न केवल एक पत्रकार के साथ अन्याय है, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला भी है।

सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम आकाश सिंह को सौंपा गया। ज्ञापन में पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। संगठन ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है।

प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र भास्कर ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष पत्रकार को न्याय नहीं मिला और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक बड़ा आंदोलन छेड़ेगा।

मंडल अध्यक्ष तौसीफ अहमद ने भी कहा कि संगठन किसी भी कीमत पर अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कार्यकर्ताओं में स्पष्ट रूप से आक्रोश दिखाई दिया। इस घटनाक्रम के बाद जनपद की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अब सबकी नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *