कौशाम्बी ब्यूरो, मोहम्मद फैज कौशांबी: करारी कस्बा स्थित नया गंज में बने डॉ. रिज़वी डिग्री कॉलेज परिसर में मंगलवार को एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज की पहल पर आयोजित किया गया, जिसमें युवा छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कॉलेज के शिक्षकों और स्टाफ ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे दिन परिसर में सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का वातावरण बना रहा। शिविर में मेडिकल कॉलेज कौशाम्बी की विशेषज्ञ टीम ने पहुंचकर रक्तदान की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। टीम ने सबसे पहले इच्छुक छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें रक्तचाप, हीमोग्लोबिन स्तर और अन्य आवश्यक जांच शामिल रहीं। जांच में उपयुक्त पाए जाने के बाद ही रक्तदान की अनुमति दी गई। मेडिकल टीम में डॉ. रवि रंजन सिंह, पीयूष कुमार शुक्ला, शिव प्रताप सिंह, राम मिलन शुक्ला, अनिल कुमार यादव, वीरेंद्र कुमार, अनूप सिंह, नरेंद्र कुमार और अमर कुमार शामिल रहे। टीम ने सभी दानदाताओं की निगरानी करते हुए सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। शिविर में करीब 20 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जबकि 30 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहा। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सक्सेना, लॉ विभाग के प्रधानाचार्य डॉ. ज़फ़र, इंजीनियरिंग के डायरेक्टर अनीश अफ़ज़ल, रजिस्ट्रार डॉ. सरताज आलम, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अवधेश कुमार मिश्र, फार्मेसी के प्राचार्य शिव चंद्र और इम्तियाज अहमद सहित समस्त स्टाफ ने आयोजन की सराहना की और छात्रों का उत्साहवर्धन किया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने रक्तदान करने वाले सभी छात्र-छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचा सकता है और युवाओं की भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है। रिज़वी डिग्री कॉलेज में आयोजित इस शिविर ने यह साबित कर दिया कि आज का युवा वर्ग न केवल शिक्षा में आगे है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। आयोजन ने विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को और मजबूत किया। Post navigation तिलावत-ए-क़लाम-ए-पाक से हुआ जलसे का आगाज़, हज के अरकान पर विस्तार से बयान पत्रकार की गिरफ्तारी पर सियासी भूचाल, कलेक्ट्रेट तक भीम आर्मी का मार्च