Image Source Reporter

कौशाम्बी ब्यूरो, मोहम्मद फैज

कौशाम्बी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेहिया गांव स्थित मो. यहिया मेमोरियल गर्ल्स डिग्री कॉलेज में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से धावा बोल दिया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने एक-दो नहीं बल्कि पूरे 12 कमरों के ताले तोड़ डाले और लाखों रुपये का कीमती सामान लेकर फरार हो गए। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से कॉलेज प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।

कॉलेज के प्रबंधक मोहम्मद आसिफ पुत्र स्वर्गीय मो. हारून, निवासी नया नगर द्वितीय थाना मंझनपुर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 23 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोर कॉलेज परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। चोरी हुए सामान में डीबीआर मशीन, एलसीडी टीवी, समरसेबल पाइप और अन्य उपयोगी उपकरण शामिल हैं। प्रबंधक के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।

मंगलवार सुबह जब कॉलेज प्रबंधन विद्यालय पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों के ताले टूटे पड़े थे और अंदर का सामान बिखरा हुआ था। तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोर्रई चौकी इंचार्ज राजेश सिंह और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। साथ ही अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि करीब 20 दिन पहले भी इसी कॉलेज में चोरी की वारदात हो चुकी है। उस घटना का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। ऐसे में दोबारा हुई चोरी ने पुलिस की कार्यशैली और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि पहली घटना के बाद भी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने फिर से वारदात को अंजाम दिया।

स्थानीय ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त न के बराबर है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि इलाके में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाए। लोगों का यह भी कहना है कि शिक्षण संस्थान को निशाना बनाना बेहद गंभीर मामला है, क्योंकि इससे छात्राओं और अभिभावकों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है।

मंझनपुर इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजा गया था। तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

फिलहाल कॉलेज में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। दोबारा हुई इस बड़ी चोरी ने यह साफ कर दिया है कि चोर संगठित और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस चुनौती का सामना किस तरह करती है और कब तक इस मामले का पर्दाफाश हो पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *