प्रयागराज ब्यूरो, संजय खान प्रयागराज। मीडिया क्लब प्रयागराज में एक भावपूर्ण और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के कई वरिष्ठ और युवा पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धांजलि सभा से हुई। इस दौरान सभी उपस्थित पत्रकारों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में विशेष रूप से जीवन एक्सप्रेस के संपादक अनुपम शुक्ला की सासू मां तथा वरिष्ठ पत्रकार टी.के. पांडे की माता जी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित पत्रकारों ने उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में शक्ति देने की प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा के बाद कार्यक्रम का अगला चरण शुरू हुआ, जिसमें मीडिया क्लब के अध्यक्ष अनुपम शुक्ला और सचिव अजीत सिंह की मौजूदगी में पत्रकारों के बीच आपसी संवाद हुआ। इस दौरान सभी पत्रकारों ने हाल ही में एक पत्रकार के साथ हुई घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाना बेहद जरूरी है। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है कि पत्रकारों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए। कार्यक्रम के दौरान होली के पावन अवसर को देखते हुए मीडिया क्लब के अध्यक्ष और सचिव ने सभी पत्रकार साथियों को गुजिया खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पूरे माहौल में आपसी भाईचारे, सौहार्द और अपनापन साफ दिखाई दे रहा था। सभी पत्रकारों ने मिलकर इस त्योहार की खुशियों को साझा किया और एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना व्यक्त की। कार्यक्रम के दूसरे चरण में पत्रकारों के लिए एक छोटी कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। इस कार्यशाला में पत्रकारिता के मूलभूत सिद्धांतों और फील्ड में काम करते समय आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि किसी भी घटना स्थल पर रिपोर्टिंग करते समय पत्रकारों को संयम, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। साथ ही यह भी बताया गया कि पत्रकारों को लोगों के साथ बेहतर संवाद और संबंध स्थापित करके काम करना चाहिए, ताकि वे सही और सटीक जानकारी समाज तक पहुंचा सकें। कार्यशाला में इस बात पर भी जोर दिया गया कि फील्ड में काम करते समय हमेशा “सेफ्टी फर्स्ट” के सिद्धांत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पत्रकारों को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए ही किसी भी खबर को कवर करना चाहिए। इसके अलावा मौके पर प्रतिक्रिया देने के तरीके, स्थिति को समझने की क्षमता और पेशेवर व्यवहार जैसे कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई। यह भी कहा गया कि भविष्य में पत्रकारों को अपडेट और जागरूक बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्यशालाएं समय-समय पर आयोजित की जाती रहेंगी। इस अवसर पर कार्यक्रम में नीरज पुंडीर अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही वरिष्ठ पत्रकार सलमान अहमद, कोषाध्यक्ष अनवर खान, प्रशांत शर्मा, बृजेश, अजय कुशवाहा, आकाश गुप्ता, जी.एन. वैश, अभिषेक गुप्ता, शिशिर गुप्ता, शिव मालवीय, शकील खान, हिमांशु त्रिपाठी, सैयद मोहम्मद आमिर, विलास गुप्ता, श्यामू कुशवाहा, मनोज सिंह मनु, मोहम्मद शकील सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने और आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। Post navigation अमेठी में गैस सिलेंडर की किल्लत, उपभोक्ता घंटों लाइन में इंतजार करने को मजबूर प्रतापगढ़ में टैक्सी ड्राइवर हत्याकांड का खुलासा, सपा नेता ही निकला कातिल