यूपी के महोबा जिले से सामने आया यह वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। वजह है, एक ऐसी बारात, जो न तो लग्जरी गाड़ियों की कतार में निकली और न ही दिखावे की चकाचौंध के साथ। इस बारात में दूल्हा बना दिलीप कुशवाहा अपनी दुल्हन को लेने बैलगाड़ी पर सवार होकर ससुराल पहुंचा और यही सादगी आज चर्चा का विषय बन गई।

आज के दौर में जहां शादियों को स्टेटस सिंबल बना दिया गया है, कभी महंगी कारें, कभी बैंड-बाजे के साथ लंबा काफिला, तो कहीं हेलीकॉप्टर से विदाई. वहीं महोबा की यह बारात एक अलग ही तस्वीर पेश करती है। यह तस्वीर है परंपरा, संस्कृति और मिट्टी से जुड़े भारत की, जो सादगी में अपनी पहचान ढूंढता है।

दरअसल, यह अनोखी बारात 4 फरवरी को महोबा जिले के पिंडारी गांव से निकली और कबरई ब्लॉक के ग्योड़ी गांव पहुंची। जैसे ही बैलगाड़ी पर सवार दूल्हा दिलीप कुशवाहा गांव में पहुंचा, वैसे ही कन्या पक्ष में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इस अनोखी बारात का दिल खोलकर स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और शोर-शराबे के बजाय यहां मुस्कानें थीं, अपनापन था और परंपरा का सम्मान था।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बैलगाड़ी पर बैठे दूल्हे का कन्या पक्ष टीका करता है। दिलीप कुशवाहा बड़े गर्व के साथ बैलगाड़ी पर सवार नजर आते हैं। उनके चेहरे पर न कोई दिखावे का भाव है, न किसी तरह का अहंकार—बस संतोष और संस्कृति से जुड़ाव झलकता है।

दिलीप कुशवाहा ने इस मौके पर जो बात कही, वह लोगों के दिल को छू गई। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शादी नहीं, बल्कि पुरानी परंपराओं की एक नई शुरुआत है। उनके मुताबिक बैल हमारे धर्म और संस्कृति का प्रतीक है। माता-पिता की इच्छा से किया गया विवाह “धर्म विवाह” होता है और जब विवाह धर्म से जुड़ा हो, तो उसका रास्ता भी धर्म से जुड़ा होना चाहिए। इसी सोच के साथ वह “धर्म रथ” यानी बैलगाड़ी में बैठकर अपनी दुल्हन को लेने निकले।

यह बारात सिर्फ एक दूल्हे की यात्रा नहीं थी, बल्कि बुंदेलखंड की आत्मा को जीवंत करने की कोशिश थी। यह संदेश था कि असली खुशी दिखावे में नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़े रहने में है। कम खर्च, सादा जीवन और परंपराओं का सम्मान—यही इस बारात की असली पहचान बनी।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग दिलीप कुशवाहा की सोच की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसे ही प्रयास समाज को सही दिशा देते हैं। यह बैलगाड़ी वाली बारात एक बार फिर साबित करती है कि सादगी में ही असली भारत बसता है, और परंपराओं को जिंदा रखने वाले ऐसे कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *