रायबरेली ब्यूरो, सेराज अहमद रायबरेली में समाजवादी पार्टी का संगठन लगातार मजबूत होता दिखाई दे रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नीतियों, विचारधारा और जनहित से जुड़े कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग सपा का दामन थाम रहे हैं। इसी क्रम में हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक नेता गुलशेर अली ख़ान अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। यह कार्यक्रम रायबरेली स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय, सुपर मार्केट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इ. वीरेंद्र यादव ने की। इस मौके पर गुलशेर अली ख़ान और उनके समर्थकों का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। जिलाध्यक्ष इ. वीरेंद्र यादव ने स्वागत भाषण में कहा कि गुलशेर अली ख़ान के पार्टी में आने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मिशन 2027 के तहत होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को रायबरेली जनपद में और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज के पीड़ित, शोषित और गरीब वर्ग का सम्मान तथा प्रदेश का समग्र विकास केवल समाजवादी सरकार ही सुनिश्चित कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं। गुलशेर अली ख़ान ने अपने संबोधन में कहा कि वे समाजवादी विचारधारा से लंबे समय से प्रभावित रहे हैं और अब सक्रिय राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना है। इसके लिए वे अपने समर्थकों के साथ पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि वे पार्टी नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने में योगदान देंगे। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा, प्रदेश सचिव शिवमूर्ति सिंह राना, महासचिव मो. अरशद खान, वरिष्ठ नेता प्रदीप तिवारी, उपाध्यक्ष राजेश मौर्य, मेहरबान सिंह, श्रवण चौधरी, राजेंद्र यादव, हसीन अहमद, कृपा शंकर यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र सिंह, विधानसभा अध्यक्ष राकेश यादव, सुरजीत सिंह, मो. सलीम, अमरदेव यादव, मो. मुशीर, अरुण प्रताप यादव, आशुतोष यादव, सरफराज रायनी, दिनेश यादव पिंटू, इजहार ख़ान सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान सभी नेताओं ने गुलशेर अली ख़ान का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन संगठन को सशक्त बनाने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ हुआ। Post navigation इलाहाबाद हाई कोर्ट से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक अविमुक्तेश्वरानंद की गिरफ्तारी पर हाई कोर्ट की रोक पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला