प्रतापगढ़ ब्यूरो, ज्ञानेंद्र प्रसाद मिश्रा उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में हुए सनसनीखेज टैक्सी ड्राइवर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में समाजवादी पार्टी से जुड़े एक नेता का नाम सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार पैसों के लेन-देन के विवाद में दोस्ती दुश्मनी में बदल गई और आखिरकार हत्या की साजिश रच दी गई। इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए Deepak Bhukar, पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि टैक्सी ड्राइवर आशिक अली की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसके ही दोस्त और सपा नेता Saddam Hussain ने की थी। आरोपी समाजवादी पार्टी की छात्र सभा का राष्ट्रीय सचिव बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सद्दाम हुसैन ने अपने दोस्त आशिक अली से एक कीमती जमीन खरीदी थी और उसका बैनामा भी करा लिया था। लेकिन जमीन के बदले करीब 55 लाख रुपये का भुगतान करना बाकी था। जब पैसे देने का दबाव बढ़ा तो सद्दाम ने पैसे देने से बचने के लिए अपने ही दोस्त की हत्या की साजिश रच डाली। जांच में सामने आया कि घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी ने पूरी प्लानिंग की थी। सद्दाम हुसैन ने हत्या से पहले अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके। इसके बाद उसने आशिक अली को अपने घर बुलाया और कहा कि वह जमीन का बकाया पैसा दे देगा। इसी बहाने वह उसे चोखड़ा गांव की तरफ सुनसान इलाके में ले गया। जैसे ही दोनों सुनसान जगह पर पहुंचे, आरोपी ने पीछे से आशिक अली के सिर में दो गोलियां मार दीं। गोली लगते ही आशिक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक सद्दाम का एक साथी Sandeep Gupta भी इस पूरी साजिश में शामिल था। बताया जा रहा है कि सद्दाम का एक अन्य सहयोगी मोटरसाइकिल लेकर वहां पहुंचा था, जिसकी मदद से वह मौके से भाग निकला। हत्या के बाद आरोपी अपने घर लौट आया और फिर सामान्य व्यवहार करने के लिए पीड़ित के घर भी पहुंच गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपी ने कई कोशिशें कीं। उसने आशिक अली का मोबाइल फोन सई नदी में फेंक दिया और जिस पिस्टल से हत्या की गई थी उसे जंगल में छिपा दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पहले भी दो बार हत्या की कोशिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया था। आखिरकार सोमवार देर रात उसने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। दोस्ती और पैसों के विवाद में हुई इस हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच जारी है और सभी तथ्यों को अदालत के सामने पेश किया जाएगा। Post navigation मीडिया क्लब प्रयागराज में श्रद्धांजलि सभा, दिवंगत आत्माओं को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि Amethi News: अमेठी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भव्य आयोजन