कौशांबी ब्यूरो, मोहम्मद फैज कौशांबी जिले में कई इंटर कॉलेजों के बाहर छात्राओं के साथ लगातार हो रही छेड़छाड़ और अभद्रता की घटनाओं ने गंभीर रूप ले लिया है। आरोप है कि छुट्टी के समय मनचले किस्म के युवक स्कूलों के बाहर डेरा डालकर छात्राओं को परेशान करते हैं, साइकिल का हैंडल पकड़कर मोबाइल नंबर मांगते हैं और विरोध करने पर धमकी देते हैं। इस लगातार हो रही घटनाओं से छात्राओं में डर और दहशत का माहौल बन गया है। शिकायतों के अनुसार, बैजनाथ अंबिका प्रसाद मिश्र इंटर कॉलेज (टेनशाह आलमाबाद), देवशरण स्मारक इंटर कॉलेज (देवरा), नित्य सरस्वती ज्ञान मंदिर (टेवा), दुर्गा देवी इंटर कॉलेज (मंझनपुर), जनार्दन प्रसाद इंटर कॉलेज (मंझनपुर), करारी इंटर कॉलेज, कृषक इंटर कॉलेज (हिनौता), धनपति देवी इंटर कॉलेज (टेढ़ी मोड़), राजकीय बालिका इंटर हाई स्कूल (कड़ा) और आदर्श इंटर कॉलेज (सराय अकिल) के बाहर ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। बताया गया कि 9 फरवरी को टेनशाह आलमाबाद क्षेत्र में देवरा ईंट भट्ठे के पास कुछ युवकों ने बुलेट बाइक खड़ी कर छात्राओं के साथ अभद्रता की। आरोप है कि उन्होंने छात्राओं से नंबर मांगे और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना की सूचना पर पहुंचे कॉलेज प्रबंधन के साथ भी कथित रूप से धक्का-मुक्की हुई। कॉलेज प्रबंधक राहुल मिश्रा की तहरीर पर मंझनपुर कोतवाली में तीन नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान किया। मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता जिला संयोजक शिवांशु शुक्ला के नेतृत्व में मंझनपुर पुलिस कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने वीडियो साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने, छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सभी कॉलेजों के दो किलोमीटर दायरे में छुट्टी के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। विद्यार्थी परिषद का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो छात्राओं की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से अपील की है कि स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए और छात्राओं पर हो रहे अत्याचार को बर्दाश्त नहीं किया जाए। Post navigation कौशाम्बी पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से 83 मोबाइल फोन बरामद, 20 लाख की संपत्ति बचाई गोरखपुर में फर्जी पुलिस इंस्पेक्टर गिरफ्तार, लोगों को ठगने का किया खुलासा