ब्यूरो मिर्ज़ापुर, विद्या प्रकाश भारती उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिला कचहरी को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं और पूरे कचहरी परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। एहतियात के तौर पर कचहरी परिसर को खाली करवा दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, जिला कचहरी को ईमेल के माध्यम से बम ब्लास्ट करने की धमकी दी गई थी। बताया जा रहा है कि यह ईमेल हाईकोर्ट के माध्यम से जिला अदालत को प्राप्त हुआ, जिसमें सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच किसी भी समय विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया और तुरंत सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। मिर्जापुर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभयराज सिंह ने बताया कि ईमेल में कचहरी को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए पूरे कचहरी परिसर में जांच अभियान शुरू कर दिया। कचहरी गेट पर आने-जाने वाले सभी लोगों की कड़ी तलाशी ली गई। साथ ही परिसर में मौजूद लोगों को बाहर निकालकर कचहरी को पूरी तरह खाली कराया गया। पुलिस ने सुरक्षा जांच के लिए डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की मदद से पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली। हर कोने और संदिग्ध स्थानों की जांच की गई, ताकि किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर कचहरी परिसर के आसपास भी निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत कर दी गई है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। Post navigation कौशाम्बी में पत्रकारों का धरना, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल; निष्पक्ष जांच की मांग शादी समारोह में खूनी खेल! प्रयागराज में पेशाब करने के विरोध पर युवक की पीट-पीटकर हत्या