रिपोर्ट, नितिन अग्रहरि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब वैश्विक ऊर्जा सप्लाई पर साफ दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल और गैस की सप्लाई चेन प्रभावित होने के कारण कई देशों में ऊर्जा संकट की आशंका जताई जा रही है। इसी बीच भारत में भी एलपीजी गैस को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगी हैं। हालांकि केंद्र सरकार का कहना है कि देश में गैस की आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन संकट की आशंका के बीच कुछ साइबर अपराधियों ने इसे ठगी का नया जरिया बना लिया है। देश में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर से जुड़ा एक नया साइबर स्कैम सामने आया है, जिसमें लोगों को व्हाट्सऐप, एसएमएस और फोन कॉल के जरिए ठगने की कोशिश की जा रही है। कैसे काम कर रहा है LPG सिलेंडर स्कैम इस स्कैम में साइबर ठग खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर लोगों को फोन करते हैं या मैसेज भेजते हैं। ठग दावा करते हैं कि ईरान युद्ध की वजह से जल्द ही एलपीजी सिलेंडर की भारी कमी होने वाली है। इसके बाद लोगों को डराते हुए कहा जाता है कि अगर उन्होंने तुरंत सिलेंडर बुक नहीं किया तो उनका कोटा किसी और को दे दिया जाएगा। इसके साथ ही “Pay Now, Get Gas Tomorrow” जैसे मैसेज भेजे जाते हैं, जिनमें एक पेमेंट लिंक भी होता है। यह लिंक असल में एक मैलिशियस लिंक होता है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करके भुगतान करता है या अपनी बैंक डिटेल्स दर्ज करता है, उसका बैंक खाता खाली हो सकता है। दिल्ली पुलिस ने जारी किया अलर्ट इस तरह के साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए Delhi Police ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर एक जागरूकता वीडियो भी साझा किया है। वीडियो में दिखाया गया है कि एक साइबर ठग फोन कर खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताता है और कहता है कि ईरान युद्ध के कारण जल्द ही गैस की भारी कमी होने वाली है। वह व्यक्ति से तुरंत बैंक डिटेल्स देने और लिंक पर क्लिक करने को कहता है, ताकि उसका सिलेंडर बुक किया जा सके। वीडियो के अंत में दिल्ली पुलिस आयुक्त Sanjay Arora लोगों से अपील करते हुए नजर आते हैं कि ऐसी अफवाहों और फर्जी कॉल्स से सावधान रहें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ऐसे रहें सुरक्षित विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल देश में एलपीजी गैस की इतनी बड़ी कमी नहीं है जितनी अफवाहों के जरिए बताई जा रही है। प्रमुख गैस कंपनियां जैसे Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum ग्राहकों को सिलेंडर खरीदने के लिए इस तरह के कॉल या मैसेज नहीं भेजती हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप लिंक पर भरोसा न करें। हमेशा गैस सिलेंडर की बुकिंग कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, ऐप या अधिकृत नंबर के जरिए ही करें। साथ ही अपनी बैंक डिटेल्स, ओटीपी या किसी भी तरह की वित्तीय जानकारी किसी अजनबी के साथ साझा न करें। अगर किसी व्यक्ति के साथ ऐसी ठगी हो जाती है तो उसे तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर सेल में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। Post navigation US–Iran–Israel War: LPG संकट के बीच क्या लौटेगा ‘सांझा चूल्हा’ का दौर? प्रयागराज में गैस सिलेंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि और गैस की किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी ने किया जोरदार विरोध प्रदर्शन