Image Source Reporter

कौशांबी ब्यूरो, मोहम्मद फैज 

माह-ए-रमजान के आखिरी जुमा के मौके पर मंझनपुर मुख्यालय स्थित जामा मस्जिद समेत जिले की अन्य मस्जिदों में शुक्रवार को अलविदा की नमाज पूरे अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। दोपहर करीब 1:30 बजे नमाज शुरू हुई, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखने को मिली। नमाजियों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर देश और समाज में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। अलविदा की नमाज को लेकर सुबह से ही मस्जिदों के आसपास रौनक देखने को मिली। जामा मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए दूर-दराज के इलाकों से भी लोग पहुंचे थे। मस्जिद के अंदर और बाहर नमाजियों की भारी भीड़ रही। सभी ने कतारबद्ध होकर नमाज अदा की और रमजान के इस खास मौके पर इबादत में शामिल हुए।

अलविदा की नमाज के मद्देनजर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। नगर की प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। मंझनपुर इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह अपनी पुलिस फोर्स के साथ लगातार मस्जिदों का भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने भी जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों का निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित और शांतिपूर्ण बनी रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। अलविदा की नमाज सकुशल संपन्न होने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

इस अवसर पर जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अकबर एहसानी ने अपने खुत्बे में रमजान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना इंसान को सब्र, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि रमजान के दौरान सीखे गए सबक को अपनी जिंदगी में उतारें और समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत बनाएं। साथ ही उन्होंने देश की तरक्की और समाज में शांति बनाए रखने की दुआ भी कराई। अलविदा की नमाज के बाद नमाजियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी और आगामी ईद-उल-फितर की तैयारियों में जुट गए। पूरे नगर में धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *