Image Source Reporter

अमेठी ब्यूरो, नितेश तिवारी

कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई (NSUI) के प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ सिंह को हिमाचल प्रदेश में गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि वह भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल थे। इसी मामले में दिल्ली पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

रविवार को दिल्ली पुलिस की टीम ने अमेठी पहुंचकर करीब छह घंटे तक उनके परिजनों से पूछताछ की थी। इस दौरान परिवार और रिश्तेदारों के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने यह भी जानने की कोशिश की कि सौरभ सिंह किन लोगों के संपर्क में रहते थे और उनका राजनीतिक व व्यक्तिगत बैकग्राउंड क्या रहा है। सौरभ सिंह पिछले लगभग 10 वर्षों से कांग्रेस की सक्रिय राजनीति से जुड़े हुए हैं। हाल के वर्षों में उनकी राजनीतिक गतिविधियां और तेज हुईं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में कांग्रेस के धरना-प्रदर्शनों और अभियानों में भाग लिया। सोशल मीडिया पर उनकी कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें भी साझा की जाती रही हैं।

परिवारिक पृष्ठभूमि भी राजनीतिक रही है। बताया जाता है कि उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके पूर्वज स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े रहे और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। उनके पिता किसान हैं और माता गृहिणी हैं। अमेठी में भी सौरभ सिंह ने कई प्रदर्शनों में भाग लिया। यूथ कांग्रेस के नेताओं के साथ उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किए और कई बार नारेबाजी करते हुए नजर आए। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी वह राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल रहे और सक्रिय भूमिका निभाई।

हाल ही में भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुए प्रदर्शन में उनकी अगुवाई चर्चा में आई थी। इसी के बाद से दिल्ली पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। अब हिमाचल प्रदेश पुलिस ने उन्हें एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों का कहना है कि सौरभ सिंह ने जनता की आवाज उठाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया था। उनका परिवार निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा है। फिलहाल मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और राजनीतिक हलकों में इस गिरफ्तारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *