ब्यूरो प्रयागराज, संजय खान प्रयागराज में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में गुरुवार रात हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सिपाही समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, घटना नैनी स्थित कुशवाहा गेस्ट हाउस के सामने की है, जहां सिपाही सुनील कनौजिया की ताऊ की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मृतक राजेश निषाद वहां पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि राजेश ने गेस्ट हाउस के पास खड़ी गाड़ी के पास किसी व्यक्ति के पेशाब करने का विरोध किया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर सिपाही और उसके साथियों ने राजेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी बीच सिपाही सुनील कनौजिया भी मौके पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उसने गेस्ट हाउस में तंदूर के पास रखी लोहे की सरिया उठा ली और राजेश पर हमला कर दिया। आरोप है कि सरिया से राजेश के चेहरे और शरीर पर 6 से 7 बार वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। खून से लथपथ हालत में राजेश कुछ ही मिनटों में दम तोड़ बैठे। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने गेस्ट हाउस में हंगामा कर दिया और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिपाही सुनील कनौजिया समेत उसके आठ साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। Post navigation मिर्जापुर कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खाली कराया पूरा परिसर Prayagraj News: सर्विलांस सेल की तकनीकी कार्रवाई से लोगों को मिला उनका कीमती फोन वापस