संवाददाता- मोहम्मद फैज भाजपा के मंझनपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष बीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवीय सरोकारों की मिसाल पेश की है। उन्होंने लुधियाना में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सुजीत गौतम के परिजनों के घर पहुंचकर न सिर्फ शोक संवेदना व्यक्त की, बल्कि आर्थिक सहायता प्रदान कर परिवार को संबल भी दिया। जानकारी के अनुसार, करीब 24 घंटे पहले लुधियाना में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुजीत गौतम की मौके पर ही मौत हो गई थी। वह अपने परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थे और उनकी कमाई से ही पूरे परिवार का पालन-पोषण होता था। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजन गहरे सदमे में हैं। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष बीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ पीड़ित परिवार के संपर्क में आए। उन्होंने लुधियाना से शव को कौशांबी लाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराईं, ताकि परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके बाद वे स्वयं मृतक के गांव पहुंचे और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। बीरेन्द्र सरोज ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहना ही सच्ची सेवा और इंसानियत है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में भी हर संभव मदद की जाएगी। गौरतलब है कि मृतक सुजीत गौतम मंझनपुर विधानसभा क्षेत्र के रामाधीन का पुरवा गांव के निवासी थे। नगर पालिका अध्यक्ष की इस संवेदनशील और मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों का आगे आना समाज के लिए सकारात्मक संदेश देता है और जरूरतमंद परिवारों को हौसला देता है। Post navigation अर्धकुंभ 2027 की तैयारी तेज, प्रयागराज मॉडल सीखने पहुंचे हरिद्वार के अधिकारी डिजिटल लत से आज़ादी की ओर कदम, कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज का अभियान शुरू