यूपी ब्यूरो, नितिन अग्रहरि उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर पहुंचे अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। जिला अध्यक्ष के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा देश और प्रदेश में लोगों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाई-भाई को, हिंदू-मुस्लिम को आमने-सामने खड़ा किया जा रहा है और समाज में नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। अजय राय ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में बदायूं में मुस्लिम युवकों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आईं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो सरकार कानून-व्यवस्था की बात करती है, उसके राज में इस तरह की घटनाएं क्यों हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। योगी सरकार पर विदेश दौरों को लेकर सवाल प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जापान दौरे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “योगी जी जापान मजे लेने जा रहे हैं।” इससे पहले प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और नंद गोपाल नंदी भी विदेश यात्रा कर चुके हैं। अजय राय ने सवाल किया कि इन दौरों से प्रदेश की जनता को क्या मिला? उनके मुताबिक प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अधूरे वादों के अलावा कुछ नहीं दिख रहा है। सुरेश कुमार खन्ना पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वह नौ बार के विधायक हैं और वर्तमान में वित्त मंत्री हैं। यदि वे चाहते तो शाहजहांपुर में कई उद्योग स्थापित हो सकते थे, लेकिन आज हालात यह हैं कि लोगों की जमीनें छीनी जा रही हैं और जबरन कब्जे किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता परेशान है। भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप अजय राय ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोगों को धर्म के नाम पर लड़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “यह देश सबका है—हिंदू, मुसलमान, बौद्ध, सिख, ईसाई—सभी को समान अधिकार है।” उन्होंने अपील की कि नफरत की राजनीति बंद होनी चाहिए और भाईचारे को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता बदायूं जाकर उन पीड़ित परिवारों से मिलेंगे और भाईचारे का संदेश देंगे। कांग्रेस की “मोहब्बत की दुकान” की अवधारणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी समाज में प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाने के लिए प्रतिबद्ध है। शंकराचार्य प्रकरण पर सरकार को घेरा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़े मामले पर भी अजय राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य सनातन समाज के पूजनीय संत हैं और सरकार उन्हें तथा उनके शिष्यों को गलत तरीके से फंसाने की कोशिश कर रही है। उनके अनुसार, यह सनातन परंपरा और देशवासियों का अपमान है। यूथ कांग्रेस प्रदर्शन और मोदी पर टिप्पणी अजय राय ने यूथ कांग्रेस द्वारा भारत मंडपम में किए गए प्रदर्शन को सही ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन के रोबोट डॉग को भारतीय उपलब्धि बताकर देश का अपमान किया गया और इस पर सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना था कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें घरों से उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश को भ्रमित करना और जनता को ठगना बंद करना चाहिए। उद्योग और चीनी मिलों का मुद्दा अजय राय ने कहा कि प्रदेश में जो उद्योग पहले से लगे थे, वे भी बंद होने की कगार पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी मिलें किसानों का भुगतान समय पर नहीं कर रहीं। साथ ही ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों के बंद होने की आशंका जताई। उनके मुताबिक चुनाव आते ही भाजपा जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है, लेकिन जमीनी सच्चाई अलग है। प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने दोहराया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रहेगी और प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सामाजिक तनाव के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। Post navigation Sonbhadra News: हर घर नल, लेकिन जल नदारद, सरकार के दावे नदी में बह गए Kaushambi News: अवैध कब्जा हटाने गई टीम पर हमला, 8 सलाखों के पीछे!