कौशांबी ब्यूरो, मोहम्मद फैज प्रधानमंत्री Narendra Modi से जुड़ा कथित एआई जनरेटेड आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में Delhi Police Special Cell ने कौशांबी जिले के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विनोद तिवारी के रूप में हुई है, जो जिले के डक शरीरा गांव का मूल निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे शुक्रवार की देर रात उसके गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार विनोद तिवारी ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक और भ्रामक वीडियो साझा किया था। इस संबंध में Delhi Police की स्पेशल सेल, लोधी कॉलोनी थाने में एफआईआर संख्या 43/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान स्पेशल सेल के हेड कांस्टेबल मोहम्मद अब्दुल्ला को सूचना मिली कि विनोद तिवारी नामक सोशल मीडिया अकाउंट से प्रधानमंत्री का एक एआई जनरेटेड वीडियो प्रसारित किया गया है। आरोप है कि वीडियो में प्रधानमंत्री के खिलाफ निंदनीय और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं, जिनका उद्देश्य उनकी छवि को धूमिल करना और संवैधानिक पदों के प्रति लोगों में अविश्वास पैदा करना था। पुलिस ने तकनीकी जांच के दौरान संबंधित फेसबुक अकाउंट और रील के लिंक से वीडियो डाउनलोड कर उसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक इस डिजिटल सामग्री को सील्ड पेन ड्राइव में सुरक्षित रखते हुए 20 फरवरी 2026 को गवाहों की मौजूदगी में वीडियो सीजर मेमो भी तैयार किया गया। प्रारंभिक जांच में वीडियो अपलोड और प्रसारित करने में विनोद तिवारी की मुख्य भूमिका सामने आने का दावा किया गया है। इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गिरफ्तारी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता विनोद तिवारी को फरवरी माह में किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह अपने पिता के पिंडदान के लिए कौशांबी आए थे। बघेल ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए विनोद तिवारी के समर्थन में बयान दिया है। फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो के निर्माण और प्रसार में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। Post navigation जौनपुर में ‘हाई-वोल्टेज’ प्रेम ड्रामा: शादी की जिद में युवती फिर चढ़ी हाईटेंशन पोल, तीन घंटे तक चला हंगामा Banda News: अज्ञात लोगों ने एक दुकान पर लगाई आग लाखों रुपए का सामान जलकर हुआ राख