आजमगढ़ ब्यूरो, स्पर्श कुमार सिंह आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामिया हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक शातिर गोतस्कर के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे और खेतों में खड़ी सरसों की फसल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल बदमाश को पुलिस ने हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त की पहचान नसीम उर्फ लम्बू निवासी ग्राम कोटिला, थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। वह 50 हजार रुपये का इनामिया अपराधी बताया जा रहा है। उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 16 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। जानकारी के मुताबिक रानी की सराय थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ ऊंची गोदाम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन शातिर पशु तस्कर अवैध हथियारों के साथ सोनवारा से बड़ैला ताल की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और छैला इनार तिराहे के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन असंतुलित होकर गिर पड़े। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान एक गोली नसीम के दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा, खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत ई-चालान के माध्यम से सीज कर दिया गया है। घायल बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 44/2026 धारा 109(1), 351(3) बीएनएस तथा मुकदमा संख्या 45/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह अपने साथियों के साथ आजमगढ़ और आसपास के जिलों में चोरी व पशु तस्करी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार फरार दो अन्य अभियुक्तों की पहचान वसीम समेत अन्य के रूप में की जा रही है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। Post navigation स्कूल में ‘अश्लील’ डांस का आरोप! सोनभद्र के इकदिरी हाईस्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में अमेठी की सड़कों पर उतरी कांग्रेस