हरदोई ब्यूरो, सौरभ तिवारी

हरदोई जिले में संडीला पुलिस ने एक बार फिर अपने सख्त और तेज़ एक्शन से अपराधियों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून से बच निकलना आसान नहीं है। लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार शातिर बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि कार्रवाई के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक घटना 25 फरवरी की है। उस दिन सर्वेश पाल, जो टिकरा कला संडीला के निवासी हैं, अपनी पत्नी उमा के साथ बाइक से एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। रास्ते में टिकरा गांव के पास एक कार में सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने दंपति को डराकर नकदी, मोबाइल फोन और महिला के जेवर लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी थी और पुलिस के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती बन गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए संडीला पुलिस ने मामले को प्राथमिकता पर लिया और बदमाशों की तलाश में कई टीमें लगा दीं। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वही लुटेरे गढ़ीखेड़ा मोड़ के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।

जब पुलिस ने संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। पुलिस की सटीक गोली विवेक नाम के बदमाश के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद बाकी तीन बदमाशोंशि वम, शुभम और सूरज को पुलिस ने चारों तरफ से घेर लिया और अंततः उन्हें सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से कई आपत्तिजनक और खतरनाक सामान भी बरामद किया है। इनमें 17,100 रुपये नकद, एक डिजायर कार (जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था), एक मोबाइल फोन, 315 बोर का तमंचा और कारतूस शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी सामान बदमाश आम लोगों को डराने और वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल करते थे।

मुठभेड़ के दौरान बहादुरी से कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल दिवाकर मिश्रा भी घायल हो गए। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने घायल बदमाश विवेक और घायल पुलिसकर्मी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

संडीला पुलिस की इस तेज़ और साहसिक कार्रवाई की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस के इस ‘सिंघम अंदाज’ ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं और आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *