अमेठी ब्यूरो, नितेश तिवारी अमेठी जिले में एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जामों थाना क्षेत्र के नदियांवा गांव से सामने आए एक मामले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान ने आरोप लगाया है कि वह पिछले सात वर्षों से अपनी पुश्तैनी जमीन को लेकर न्याय के लिए भटक रहा है, लेकिन अब तक उसे इंसाफ नहीं मिल पाया है। जवान का कहना है कि जमीन विवाद के मामले में पुलिस और प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित जवान के अनुसार, उसके परिवार की पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से पाटीदारों के साथ विवाद चल रहा है। उसका आरोप है कि परिवार के ही कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। इस मामले को लेकर उसने कई बार स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। जवान का कहना है कि वह अपनी ड्यूटी के साथ-साथ न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है। जवान ने जामों थाने की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। उसका आरोप है कि पुलिस ने उसके पिता और अन्य परिजनों को थाने में रात भर बैठाकर रखा, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जवान का कहना है कि वह पिछले सात साल से न्याय की उम्मीद में अधिकारियों से गुहार लगा रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष का कहना है कि जिस जमीन को लेकर विवाद है, वह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उनके अनुसार जब तक न्यायालय से अंतिम निर्णय नहीं आता, तब तक किसी भी पक्ष को जमीन पर निर्माण या अन्य गतिविधियां नहीं करनी चाहिए। दूसरे पक्ष का यह भी कहना है कि मामले को लेकर अनावश्यक रूप से विवाद को बढ़ाया जा रहा है। इस पूरे मामले में जब जामों थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विवादित जमीन का मामला न्यायालय में चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस दिन का विवाद बताया जा रहा है, उस समय पुलिस मौके पर मौजूद थी। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोप लगाने वाले पक्ष के कुछ लोग पुलिस की मौजूदगी में विपक्षी पक्ष से धमकी भरे लहजे में बात कर रहे थे, जिससे विवाद बढ़ने की आशंका थी। इसी कारण पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई थी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। फिलहाल यह मामला जामों थाना क्षेत्र के नदियांवा गांव का बताया जा रहा है, जहां जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की निगरानी की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं पीड़ित जवान अब भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है और चाहता है कि उसकी शिकायत की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। Post navigation Kaushambi News: मंझनपुर में अकीदत के साथ अदा हुई अलविदा की नमाज, अमन-चैन और खुशहाली की मांगी दुआ KAUSHAMBI News: कटैया घाट पर ‘मशीन राज’ का आरोप: नदी की जलधारा में पोकलैंड उतारकर धड़ल्ले से बालू खनन