Image Source Reporter

मिर्ज़ापुर ब्यूरो, विद्या प्रकाश भारती

मिर्जापुर जिले के कछवा थाना क्षेत्र स्थित अनंतपुर गांव के लगभग 50 लोग इस समय खाड़ी देशों और इजराइल में मजदूरी कर रहे हैं। मौजूदा समय में US, Israel और Iran के बीच बढ़ते तनाव और हमलों की खबरों ने यहां रह रहे परिवारों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है। हालांकि विदेश में मौजूद मजदूर अपने परिजनों से लगातार संपर्क में हैं और खुद को सुरक्षित बता रहे हैं, फिर भी गांव में बेचैनी का माहौल है।

गांव के जिन लोगों के परिजन विदेश में हैं, वे इन दिनों टीवी और मोबाइल पर खबरें देखते ही सिहर उठते हैं। अनंतपुर के रहने वाले अखिलेश कुमार के भाई राजू और उनके दो भतीजे आदर्श व आशीष दुबई में मजदूरी करते हैं। हालिया हालात के बाद से परिवार की चिंता बढ़ गई है। राजू की पत्नी इंदु मति बताती हैं कि उनके पति से रोज फोन पर बात हो रही है, वे खुद को सुरक्षित बता रहे हैं, लेकिन युद्ध जैसे माहौल की खबरें सुनकर दिल दहशत में आ जाता है। पति का जिक्र होते ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं। वे कहती हैं कि “फोन पर तो सब ठीक बताते हैं, लेकिन मन घबराया रहता है।”

अखिलेश कुमार का कहना है कि दुबई से लगातार फोन आ रहा है और वहां हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। फिर भी परिवार वाले दिन में कई बार संपर्क कर हालचाल लेते रहते हैं। गांव के अन्य परिवारों की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। इसी गांव के शिव नरेश का बेटा पंकज कुमार इजराइल में मजदूरी करता है। पंकज ने हाल ही में फोन पर बताया कि वहां लगातार सायरन बज रहे हैं और मिसाइल हमलों की चेतावनी दी जा रही है। हालांकि उसने परिवार को आश्वस्त किया है कि वह सुरक्षित स्थान पर है और फिलहाल काम से छुट्टी दी गई है। उसके मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही हैं।

इन सभी मजदूरों का कहना है कि वे मोबाइल फोन, वीडियो कॉल और व्हाट्सएप के जरिए परिवार से जुड़े हुए हैं। कई लोग दिन में तीन-चार बार फोन कर अपने सुरक्षित होने की जानकारी देते हैं, ताकि घरवालों की चिंता कम हो सके। बावजूद इसके, गांव में माताएं, पत्नियां और बच्चे बेचैन हैं। बताया जा रहा है कि मिर्जापुर के दो दर्जन से अधिक लोग इन दिनों इजराइल में एक निजी कंपनी के माध्यम से मजदूरी का कार्य कर रहे हैं। वहीं कई लोग संयुक्त अरब अमीरात के शहरों दुबई और अबू धाबी में कार्यरत हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे सरकार से अपील कर रहे हैं कि विदेश में रह रहे मजदूरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। फिलहाल सभी परिवार अपने प्रियजनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि हालात जल्द सामान्य होंगे। युद्ध जैसे तनावपूर्ण माहौल ने हजारों किलोमीटर दूर बसे इस गांव में भी बेचैनी फैला दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *