अमेठी ब्यूरो, नितेश कुमार तिवारी उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में मंगलवार को एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी के पास सड़क किनारे एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान साहिल (लगभग 30 वर्ष) पुत्र शरीफ, निवासी शुकुल बाजार कस्बा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी तो वे सन्न रह गए। युवक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान थे। शरीर पर खून के धब्बे और आसपास बिखरे रक्त के निशान इस बात की ओर इशारा कर रहे थे कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बाजार शुकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या किन परिस्थितियों में की गई। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद अभियुक्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक बाजार शुकुल विवेक वर्मा ने बताया कि युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके। इस हत्याकांड से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दिनदहाड़े या सार्वजनिक स्थान के पास इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। Post navigation स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन उत्पीड़न का केस, इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल Kaushambi News: यमुना नदी में नहाने गए पांच किशोर डूबे, दो की मौत, बच्चे सुरक्षित बचाए गए