कौशांबी ब्यूरो मोहम्मद फैज

कौशाम्बी जिले के संदीपनघाट थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 300 रुपये के लालच में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को मंझनपुर स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने इस सनसनीखेज हत्या का पूरा खुलासा किया।

जानकारी के मुताबिक, 10 फरवरी 2026 की सुबह काजीपुर गांव निवासी रामशरण ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी मां लखपतिया (70 वर्ष) घर के बाहर बरामदे में सो रही थीं। सुबह लगभग 7:30 बजे जब वह उन्हें जगाने पहुंचे तो उनकी मां मृत अवस्था में मिलीं। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना संदीपनघाट में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया और जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हो गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच को और तेज कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ की। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस को ओमप्रकाश पटेल उर्फ छोटू निवासी काजीपुर पर शक हुआ। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को सैय्यद सरावां मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि घटना से एक दिन पहले उसने वृद्ध महिला के पास पैसे देखे थे। पैसों के लालच में वह रात के समय चोरी की नीयत से उनके घर पहुंचा। जब वह महिला की जेब से पैसे निकाल रहा था, तभी महिला जाग गई और उसका नाम लेकर चिल्लाने लगी। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और 300 रुपये लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मामूली लालच भी किस तरह इंसान को अपराध की राह पर धकेल सकता है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों में चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *