Credit: GOOGLE

प्रयागराज ब्यूरो, संजय खान

प्रयागराज स्थित माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं एक साथ कराई जा रही हैं। बोर्ड ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

आंकड़ों के अनुसार, हाईस्कूल (कक्षा 10) में 27,50,945 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जबकि इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में 24,79,352 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। कुल मिलाकर 52 लाख से अधिक परीक्षार्थी इस वर्ष बोर्ड परीक्षा देंगे, जिसके चलते परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

बोर्ड ने कक्ष निरीक्षकों के लिए भी नई व्यवस्था लागू की है। इस बार सभी कक्ष निरीक्षकों को QR कोड युक्त परिचय पत्र जारी किए गए हैं। ये आईडी कार्ड 10 फरवरी को बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 12 फरवरी तक सभी परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षकों की तैनाती सुनिश्चित कर ली जाए।

बोर्ड प्रशासन का कहना है कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में कक्ष निरीक्षक मौजूद रहेंगे, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। साथ ही, सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV निगरानी अनिवार्य की गई है। कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों और परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, जिससे नकल और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला स्तर पर भी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय-समय पर निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बोर्ड परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह के साथ-साथ जिम्मेदारी का माहौल है। परीक्षाएं निर्धारित तिथियों के अनुसार संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *