संवाददाता- संजय खान

प्रयागराज के यमुना पार स्थित बारा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा अमरेहा से जमीन विवाद का एक मामला सामने आया है। यहां बुजुर्ग विधवा महिला फिरोज बेगम, पत्नी स्वर्गीय नवी उल्ला, अपनी पैतृक/अधिकार वाली जमीन को लेकर न्याय की गुहार लगा रही हैं। मामला मौजा बुदावां की भूखंड संख्या 185, रकबा 0.1200 हेक्टेयर से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि यह जमीन जसरा-बांदा रोड पर स्थित होने के कारण काफी कीमती है, जिसके चलते उस पर भूमाफियाओं की नजर पड़ गई है।

पीड़िता का आरोप है कि कुछ दबंग लोग जमीन पर कब्जा करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। उन्हें लगातार मानसिक दबाव में रखा जा रहा है और मुकदमों में उलझाए रखने की धमकी दी जा रही है। बुजुर्ग और अकेली होने के कारण फिरोज बेगम खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उनका कहना है कि वह कई बार राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक उन्हें ठोस राहत नहीं मिल सकी है।

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क किनारे स्थित होने के कारण इस जमीन की बाजार में अच्छी कीमत है। यही वजह है कि कथित भूमाफिया इसे अपने कब्जे में लेने की कोशिश कर रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय से कोर्ट-कचहरी के चक्कर काट रही हैं, लेकिन न्याय मिलने में देरी हो रही है। उनका आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण उनकी सुनवाई सही ढंग से नहीं हो पा रही।

मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा है। लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा करती रही है, ऐसे में इस प्रकरण में प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस शिकायत पर कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं और पीड़िता को राहत मिलती है या नहीं।

फिलहाल बुजुर्ग विधवा महिला न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के दरवाजे खटखटा रही हैं। मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *