संवाददाता- ज्ञानेंद्र प्रसाद मिश्रा खबर यूपी के प्रतापगढ़ जिले से है, जहां बीती 6 फरवरी को सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। अमेठी जिले के रामगंज निवासी सर्राफा व्यापारी रितेश मौर्य के साथ देल्हूपुर थाना क्षेत्र के गजेहड़ा जंगल में नौ लाख साठ हजार रुपए नगद और तीन किलो चांदी की लूट की झूठी कहानी बनाई गई थी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अवनीश कुमार तिवारी उर्फ आयूष तिवारी और अनुज दुबे उर्फ अनोज कुमार दुबे को थाना कोहंडौर के लोकई का पुरवा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस पूरे मामले में सर्राफा व्यापारी रितेश मौर्य खुद भी शामिल था और उसने उधारी चुकाने के लिए लूट की साजिश रची थी। इसके बाद पुलिस ने रितेश को उसकी कार समेत गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उधारी की राशि चुकाने के लिए उन्होंने आपस में मिलकर लूट की झूठी कहानी बनाई थी। पुलिस ने लूटे गए नौ लाख साठ हजार रुपए नगद, तीन किलो चांदी, तमंचा और कारतूस के साथ ही घटना में इस्तेमाल हुई बाइक भी बरामद कर ली है। एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ ठोस सबूत और साक्ष्यों के आधार पर की गई है। मामला तेजी से उजागर होने के बाद अब कानून के तहत सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। Post navigation संभल हिंसा मामले में हाईकोर्ट ने ASP अनुज चौधरी को मिली राहत, FIR पर रोक 21 साल पुराने केस में सपा विधायक विजमा यादव बरी, एमपी-एमएलए कोर्ट का बड़ा फैसला