जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कौशाम्बी पुलिस ने शुक्रवार दोपहर चाइनीज मांझा के खिलाफ विशेष सघन अभियान चलाया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में तथा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देशन में पूरे जनपद में प्रभावी रूप से संचालित की गई। अभियान के दौरान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग की गई। मंझनपुर, भरवारी, सिराथू, सराय अकिल, मूरतगंज, पश्चिम शरीरा, करारी सहित अन्य प्रमुख बाजारों में पतंग, धागा और जनरल स्टोर्स की दुकानों की विधिवत जांच की गई। पुलिस टीमों ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि चाइनीज मांझा की बिक्री, भंडारण और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चाइनीज मांझा के उपयोग से आम नागरिकों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पक्षियों को गंभीर चोट लगने या जान का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। चेकिंग के दौरान थाना पश्चिम शरीरा क्षेत्र में एक दुकान से 33 छोटे-बड़े पैकेट चाइनीज मांझा बरामद कर जब्त किए गए, जिस पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने दुकानदारों और आमजन को यह भी बताया कि भविष्य में चाइनीज मांझा की बिक्री, भंडारण या उपयोग पाए जाने पर एनवायरनमेंटल पॉल्यूशन कंट्रोल एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की अपील कौशाम्बी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे चाइनीज मांझा न खरीदें, न बेचें, न संग्रहित करें और न ही इसका प्रयोग करें। यदि कहीं इसकी अवैध बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। Post navigation यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 5 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादले UP पंचायत चुनाव से पहले OBC आरक्षण पर सियासी घमासान, चंद्रशेखर ने राजभर को लिखा पत्र