उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली भूसे के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। घर में रखे भूसे को जबरन फेंकने से रोकने पर 12 वर्षीय मासूम पर दबंगों ने धारदार तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल बच्चे को परिजन तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना करारी थाना क्षेत्र के अगियौना गांव की है। पीड़ित पिता अनिल कुमार, पुत्र लल्लू यादव ने बताया कि परिवार के ही तीन सदस्य उनके घर में रखा भूसा जबरन फेंक रहे थे। इस दौरान उनके 12 वर्षीय बेटे आयुष ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने पहले गाली-गलौच की और फिर हिंसक हो गए। आरोप है कि दबंगों ने अचानक धारदार तलवार निकालकर आयुष पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह हालात को काबू में किया। इसके बाद घायल मासूम को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पिता की तहरीर पर करारी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस पूरे मामले को लेकर मुकदमा दर्ज हो गया है और तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया इसकी जानकारी खुद सदर सीओ शिवांक सिंह ने दी है. Post navigation महिला ने यूट्यूबर शादाब जकाती पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने क्या कहा? यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 5 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादले